ऐतिहासिक जनादेश के बूते लोग देख रहे भाजपा का सुशासन
भाजपा के स्थापना दिवस पर बोले प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली, 06 अप्रैल (एजेंसियां)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले वर्षों में मिले ऐतिहासिक जनादेश की बदौलत देश के लोग पार्टी का सुशासन देख रहे हैं। पीएम मोदी ने पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, हम उन सभी व्यक्तित्वों को याद करते हैं जिन्होंने पिछले कई दशकों में हमारी पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह महत्वपूर्ण दिन हमें भारत की प्रगति के लिए काम करने और विकसित भारत के सपने को साकार करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है। भारत के लोग हमारी पार्टी के सुशासन एजेंडे को देख रहे हैं, जो पिछले वर्षों में मिले ऐतिहासिक जनादेश में भी परिलक्षित होता है, चाहे वह लोकसभा चुनाव हों, विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव हों या देश भर में विभिन्न स्थानीय निकाय चुनाव हों। हमारी सरकारें समाज की सेवा करती रहेंगी और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेंगी। हमारी पार्टी की रीढ़, हमारे सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, क्योंकि वे सक्रिय रूप से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं और हमारे सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि भाजपा के कार्यकर्ता देश के हर हिस्से में चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और गरीबों, वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा कर रहे हैं। उनकी ऊर्जा और उनका उत्साह वास्तव में प्रेरक है। उल्लेखनीय है कि भाजपा की स्थापना साल 1980 में तत्कालीन भारतीय जनसंघ के नेताओं द्वारा की गई थी। भाजपा ने 1984 में लड़े गए पहले आम चुनाव में केवल दो लोकसभा सीटें जीती थीं। हालांकि, बाद में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में यह तेजी से आगे बढ़ी और 90 के दशक में गठबंधन सरकार बनाई। साल 2014 में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला, तब से ही यह पार्टी सत्ता के केंद्र में है।
भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर स्थापना दिवस मनाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में पार्टी की 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता शकुंतला आर्या से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और उनके निवास पर पार्टी का ध्वज फहराया। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय से लेकर प्रदेश कार्यालयों और जिला-ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया गया। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में पार्टी का झंडा फहराकर कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि पार्टी राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करती है और यही कारण है कि आज वह राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ देश के दर्जनों राज्यों में सत्ता में है।