मुंबई हमले से पहले आगरा क्यों आया था तहव्वुर राणा?
आगरा, 12 अप्रैल (एजेंसियां)। मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा के अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद आगरा से जुड़ा रहस्य अब सामने आ सकता है। मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा ने आगरा के एक होटल में प्रवास किया था। वह अपनी पत्नी के साथ यहां रुका था। मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा ने हमले से पहले आगरा में भी रेकी की थी। वह अपनी पत्नी के साथ आगरा आया था। बालूगंज के एक होटल में रुका था। सुरक्षा एजेंसियों ने वर्ष 2011 में रिकॉर्ड खंगाला था मगर पुख्ता साक्ष्य नहीं मिल सके थे।
अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद तिहाड़ जेल भेजे गए मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा के आगरा में आकर ताजमहल देखने और पत्नी के साथ होटल में रुकने की जानकारी मिली थी। तब सुरक्षा एजेंसियों ने विदेशी पर्यटकों का डाटा खंगाला था। तब बालूगंज के कई होटलों में छानबीन की गई थी। एलआईयू के पुलिस लाइन के ऑफिस में भी विदेशी पर्यटकों का ब्यौरा देखा गया था। तब तहव्वुर राणा और उसकी पत्नी के आगरा में ठहरने और ताजमहल देखने के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी थी। आज तक यह साफ नहीं हो सका कि मुंबई हमले से पहले राणा आगरा में क्यों आया था? ऐसे में कयास यह लगाए गए थे कि तहव्वुर राणा ने पहचान बदलकर आगरा में प्रवास किया होगा। अब उसके भारत में आने के बाद एनआईए सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में कुछ राज सामने आ सकते हैं।