मैंने कभी भी कहीं नहीं कहा कि मैं संविधान बदलूंगा: डीके शिवकुमार

मैंने कभी भी कहीं नहीं कहा कि मैं संविधान बदलूंगा: डीके शिवकुमार

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि मैंने कभी भी कहीं नहीं कहा कि मैं संविधान बदलूंगा| केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और भाजपा नेता मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर गलत सूचना फैला रहे हैं| मैं इस मामले में अदालत में लड़ाई लड़ूंगा| पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा मैं जे.पी. नड्डा, जो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, से अधिक संवेदनशील वरिष्ठ राजनेता हूं| मैं ३६ वर्षों से विधान सभा में हूं| कम से कम मुझमें सामान्य ज्ञान तो है| पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण के मुद्दे पर कई निर्णय हुए हैं| हमने संविधान का उल्लंघन नहीं किया है| उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के रूप में हम संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं| इसमें कहीं भी यह नहीं कहा गया कि संविधान में परिवर्तन किया जाएगा| आरक्षण के मुद्दे पर कई फैसले आ चुके हैं| मैंने कहा है कि इस आधार पर संविधान में कई बार संशोधन किया गया है| इसे तोड़-मरोड़ कर गलत ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है| उन्होंने भाजपा पर उनके और उनकी पार्टी के खिलाफ राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया|


भाजपा का हर चीज का राजनीतिकरण करने का नापाक इरादा है| पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण न्यायालय के निर्णयों के आधार पर लागू किया गया है| इस संबंध में मैंने पहले कहा था कि संविधान में संशोधन किया गया है, लेकिन मैंने यह नहीं कहा था कि हम बाद में इसमें संशोधन करेंगे| वे मेरे नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं और विकृत बयान दे रहे हैं| भाजपा का काम बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना है| उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा उन्हें जो करना है करने दीजिए| इस तरह से मेरे बयान का दुरुपयोग करना पूरी तरह से मूर्खतापूर्ण और अवैध है| उन्होंने कहा कि वह संसद में दिए गए बयान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार करेंगे| उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अगर भाजपा गांधी परिवार का नाम नहीं लेगी तो नींद नहीं आएगी और खाना भी नहीं पचेगा| भाजपा के पास उनकी आलोचना करने का कोई आधार नहीं है| केंद्रीय बजट में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है| उन्होंने कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इसे छिपाने के लिए इस तरह का दुष्प्रचार किया जा रहा है|

Tags: