14 देशों के हज यात्रियों को वीज़ा नहीं देगा सऊदी अरब
हज पर भिखमंगे भेजने वाले पाकिस्तान की हरकतों का खामियाजा
प्रतिबंधित देशों की लिस्ट में भारत भी शामिल
नई दिल्ली, 07 अप्रैल (एजेंसियां)। हज और उमरा के लिए सऊदी अरब जाने वाले पाकिस्तानियों की ओछी हरकतों का खामियाजा भारत समेत 13 अन्य देशों को भी उठाना पड़ा है। सऊदी अरब ने पाकिस्तान को समेटते हुए 14 देशों के लोगों को हज यात्रा के लिए वीज़ा देने से इन्कार कर दिया है। हर साल लाखों मुस्लिम हज और उमरा के लिए सऊदी अरब जाते हैं। लेकिन, इस बार सऊदी सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए 14 देशों के लोगों के लिए वीज़ा जारी करने पर अस्थायी रोक लगा दी है। सरकार का कहना है कि इन देशों के लोग वीज़ा नियमों का पालन नहीं करते और हज में बिना पंजीकरण किए शामिल हो जाते हैं। इस बार सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अगर अब बिना रजिस्ट्रेशन हज में शामिल पाए गए तो पांच साल तक सऊदी अरब में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अधिकारियों को हज यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन की गारंटी के लिए सख्त वीज़ा नियम लागू करने का निर्देश दिए है। यह प्रतिबंध जून के मध्य तक रहेगा। लगभग उसी समय, जब इस साल की हज यात्रा समाप्त होगी। जिन वीजा पर रोक लगाई गई है, उनमें उमरा वीजा के साथ-साथ बिजनेस और फैमिली विजिट वीजा भी शामिल हैं।
सऊदी सरकार ने अधिकारिक तौर पर बताया कि भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इं
कई लोग उमरा या टूरिस्ट वीज़ा लेकर सऊदी अरब पहुंचते थे और वहां रुक कर हज में भी हिस्सा लेते थे जबकि हर देश के लिए हज का एक तय कोटा होता है। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन होता है बल्कि सुविधाओं पर बोझ भी बढ़ता है। उल्लेखनीय है दें कि वर्ष 2024 के हज के दौरान भारी भीड़ और गर्मी के चलते लगभग 1301 लोगों की मौत हुई थी। सऊदी सरकार का मानना है कि नियम तोड़ने वाले यात्रियों के कारण ये हादसा हुआ था। बिना रजिस्ट्रेशन के भाग लेने वालों की वजह से भीड़ बढ़ी, जिससे स्वास्थ्य और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था बिगड़ गई। इसी को देखते हुए 2025 की आगामी हज में व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीज़ा पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, हर साल बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाते हैं। साल 2024 में एक लाख 75 हजार लोग हज के लिए गए थे, जिसमें 98 भारतीयों ने जान गंवाई थी। साल 2023 में 187 नागरिकों की हज यात्रा के दौरान मौत हुई थी।
सऊदी अरब ने सितंबर 2024 में पाकिस्तान को उमरा के बहाने देश में प्रवेश करने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की ओछी हरकतों को लेकर चेतावनी दी थी। पाकिस्तान के एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के हज मंत्रालय ने पाकिस्तान के धार्मिक मामलों के मंत्रालय को चेतावनी जारी की थी, जिसमें पाकिस्तानी भिखारियों को उमरा वीजा के तहत राज्य में प्रवेश करने से रोकने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था। लेकिन पाकिस्तान सरकार पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। हालांकि पाकिस्तान की गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सऊदी अरब के राजदूत नवाफ बिन सईद अहमद अल-मल्की को आश्वासन दिया था कि सऊदी अरब में भिखारियों को भेजने वाले आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। कहा गया था कि संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन पाकिस्तान सरकार का यह दावा खोखला बयान ही साबित हुआ और कार्रवाई के नाम पर शून्य रहा। इसे देखते हुए आखिरकार सऊदी अरब ने पाकिस्तान समेत कई देशों के वीज़ा पर रोक लगा दी। पाकिस्तान की हरकतों का खामियाजा भारत के हज यात्रियों को भी उठाना पड़ा।