समय आने पर बदला जा सकता है संविधान

 पॉकेट में संविधान वाली पार्टी संविधान बदलने पर आमादा

 समय आने पर बदला जा सकता है संविधान

कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार के बयान पर बवाल

कर्नाटक से दिल्ली तक बवालभाजपा ने इस्तीफा मांगा

नई दिल्ली/बेंगलुरु, 24 मार्च (एजेंसियां)। कर्नाटक में मुस्लिमों को आरक्षण देने के मसले पर हो रहे विवाद के बीच उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि ऐसी स्थिति आई तो संविधान बदला भी जा सकता है। संविधान बदलने को लेकर दिए बयान के बाद कर्नाटक के साथ देश की राजधानी दिल्ली में सियासी घमासान छिड़ गया है। राज्यसभा में भी डीके शिवकुमार के बयान को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

डीके शिवकुमार के बयान को भाजपा ने कांग्रेस की मंशा का खुला सबूत करार दिया और कहा कि यह तुष्टिकरण की राजनीति का जीता जागता उदाहरण है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस संविधान को बदलकर मुसलमानों को आरक्षण का लाभ देना चाह रही है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बयान पर कहा कि शिवकुमार का बयान बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान के साथ खुला मजाक है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस भारतीय संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा है। ये वही लोग हैं जो संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी अंबेडकर विरोधी और आरक्षण विरोधी है। कांग्रेस हमेशा आरक्षण और एससी/एसटी और ओबीसी के अधिकारों के खिलाफ रही है।

सोमवार को राज्यसभा और लोकसभा में भी डीके शिवकुमार के बयान का मुद्दा जमकर गूंजा। राज्यसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की मुस्लिम आरक्षण के लिए संवैधानिक बदलाव संबंधी कथित टिप्पणी का मुद्दा उठायाजिसके बाद राज्यसभा में हंगामा शुरू हो गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने डीके शिवकुमार का इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा उठाकर कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है। अगर हिम्मत है तो आज ही उप मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगिए। काफी देर तक चले हंगामे के बाद राज्यसभा और लोकसभा को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

शिवकुमार के बयान पर भाजपा नेता जेपी नड्डा ने कहा कि तेलंगाना विधानसभा में सबसे पहले उन्होंने एससीएसटी और ओबीसी के अधिकारों को छीनकर मुसलमानों और अल्पसंख्यकों को आरक्षण दिया। जेपी नड्डा ने डीके शिवकुमार का बयान भी दोहराया और कहा कि डीके शिवकुमार ने फिर कहा है कि संविधान कांग्रेस ने दिया है और संविधान बदलने का काम भी कांग्रेस ही करेगी। कोई पश्चाताप नहीं है। जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा कि यह बेहद दुखद है कि कांग्रेस पार्टी अपने आप को संविधान की रक्षक बताती है लेकिन वो संविधान की धज्जियां उड़ाने का प्रयास कर रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि भीमराव अंबेडकर ने लिखा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा लेकिन कांग्रेस पार्टी संविधान की धज्जियां उड़ा रही है।

Read More  मस्जिद का सर्वे किसी भी हाल में नहीं होना है

Tags: