दिल्ली हाईकोर्ट के जज के घर मिला पैसों का पहाड़

सुप्रीम कोर्ट ने जज को फौरन प्रयागराज भेजा

दिल्ली हाईकोर्ट के जज के घर मिला पैसों का पहाड़

नई दिल्ली, 21 मार्च (एजेंसियां)। दिल्ली हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा के घर पर बड़ी मात्रा में नकद रुपए मिले हैं। इसके बाद सजा के तौर पर उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट से स्थानांतरित करके वापस इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया गया है। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना के आदेश पर हुई। वर्मा के घर में रखे पैसों के पहाड़ का खुलासा घर में आग लगने के कारण हुआ।

होली की छुट्टी में जज यशवंत वर्मा के बंगले में आग लग गई थी। इसे बुझाने के लिए फायर बिग्रेड बुलाई गई थी। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू भी पा लिया। इसी राहत बचाव के दौरान अग्निशमन कर्मी एक ऐसे कमरे में पहुंचेजहां बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई थी। जज यशवंत वर्मा घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार वालों ने आग लगने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया था। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को यह जानकारी दी। पुलिस ने यह जानकारी केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंचाई।

जज के घर से बड़ी तादाद में नकद रुपए मिलने की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता में कॉलेजियम की एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में जज यशवंत वर्मा को इलाहाबाद हाईकोर्ट वापस भेजने का निर्णय लिया गया। वर्मा 2021 से दिल्ली हाईकोर्ट में जज के रूप में सेवा दे रहे थे। इससे पहले 2014-21 तक वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज के तौर पर रहे थे।

Tags: