उत्तर प्रदेश में 582 जजों का तबादला

उत्तर प्रदेश में 582 जजों का तबादला

लखनऊ, 31 मार्च (एजेंसियां)। यूपी में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर बड़े पैमाने पर जजों के तबादले हुए हैं। जिन जजों का ट्रांसफर हुआ है उनमें ज्ञानवापी मामले में फैसला सुनाने वाले जज का नाम भी शामिल है। हाईकोर्ट ने निचली अदालतों के कुल 582 जजों का ट्रांसफर किया है। इनमें 236 अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश207 सिविल जज सीनियर डिवीजन और 139 सिविल जज जूनियर डिवीजन शामिल हैं।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की तरफ से ट्रांसफर पोस्टिंग का आदेश जारी किया गया। हाईकोर्ट के द्वारा जारी किए गए आदेश में जजों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई पोस्टिंग के स्थान पर ज्वाइन करने के लिए निर्देशित किया गया है। इन 582 न्यायिक अधिकारियों में 236 अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश शामिल हैं। 207 सिविल जज और 139 जूनियर डिवीजन रैंक के सिविल जज हैं। वहीं सबसे अधिक तबादले वाले जिले में कानापुर शामिल हैजहां 13 जजों को उनकी पोस्टिंग से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

इस ट्रांसफर पोस्टिंग में मुख्य रूप से जस्टिस रवि कुमार का जिक्र किया जा रहा है। उन्होंने ज्ञानवापी मामले में सर्वे का आदेश दिया था। अपने फैसलों में अक्सर धार्मिक ग्रंथों का जिक्र करने के लिए भी वे मशहूर हैं। जस्टिस रवि कुमार अक्सर अपने फैसलों में श्रीरामचरित मानस औऱ श्रीमदभगवदगीता का उल्लेख करते हैं। इसी कारण से वो चर्चित रहे हैं। इसके अलावा इस्लामी मौलाना तौकीर रजा खान के खिलाफ उन्होंने ही गैर जमानती वारंट जारी किया था। जज रवि कुमार दिवाकर का बरेली से चित्रकूट में ट्रांसफर किया गया है। रवि कुमार दिवाकर ने वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद से सर्वे का आदेश दिया था। 2022 में वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे हुआ था। इसके बाद यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना था।

रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी अधिसूचना में सभी न्यायिक अधिकारियों का तबादला करने से पूर्व इनके दिए गए प्रत्यावेदन पर विचार किया गया है। इन सभी न्यायिक अधिकारियों को अपने अपने जिले में ज्वॉइन करना है। बता दें कि हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा का मामला सुर्खियों में रहा था। दरअसल उनके घर पर आग लगने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ा था। जिस वक्त ये आग लगीउस वक्त वह घर पर नहीं थे। इस मामले की जांच की जा रही है।

Read More हाथी के हमले में किसान की मौत

Tags: