व्यक्ति की हत्या के आरोप में पत्नी और सास गिरफ्तार

व्यक्ति की हत्या के आरोप में पत्नी और सास गिरफ्तार

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| सोलादेवनहल्ली पुलिस ने सोमवार को १९ वर्षीय एक लड़की को गिरफ्तार किया, जिसने अपनी मां की मदद से शनिवार को बीजीएस लेआउट में घरेलू विवाद के चलते अपने पति की हत्या कर दी थी| पुलिस को शनिवार को निर्माणाधीन साइट के पास रियल एस्टेट एजेंट ३७ वर्षीय लोकनाथ सिंह का शव मिला, जिसकी गर्दन पर चाकू से वार किया गया था| सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच करते समय पुलिस ने दो महिलाओं को घटनास्थल से भागते हुए देखा|

पुलिस ने सुराग का पीछा किया और यशस्विनी को गिरफ्तार कर लिया, जो मृतक की पत्नी निकली| दूसरी आरोपी यशस्विनी की मां ३७ वर्षीय हेमा बाई है| पूछताछ में पता चला कि लोकनाथ ने कुछ महीने पहले यशस्विनी से शादी की थी|

यह एक गुप्त विवाह था, क्योंकि लोकनाथ के माता-पिता इसके खिलाफ थे| पुलिस ने बताया कि हाल ही में यशस्विनी को पता चला कि लोकनाथ के कई संबंध हैं, जिसके बाद उसने उसे मारने का फैसला किया और अपनी मां की मदद ली| पुलिस ने बताया कि योजना के अनुसार, आरोपियों ने लोकनाथ को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया और चाकू से उसका गला रेत दिया|
हत्या के पीछे कोई और वजह तो नहीं है, यह पता लगाने के लिए दोनों को हिरासत में लिया गया है|

Tags: