बेलगावी के बुजुर्ग दंपत्ति की मौत

साइबर अपराधियों ने उनसे महीनों तक पैसे ऐंठे होंगे: पुलिस

बेलगावी के बुजुर्ग दंपत्ति की मौत

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| बेलगावी जिले के बीड़ी गांव में एक बुजुर्ग दंपति ने साइबर धोखाधड़ी में ५० लाख रुपये से अधिक गंवाने के बाद आत्महत्या कर ली| पुलिस के अनुसार, पीड़ितों की पहचान डिएगो सैंटन नाजरेथ (८२) और उनकी पत्नी फ्लाविया (७९) के रूप में हुई है, जो क्रिश्चियन गली में अपने घर में मृत पाए गए| बेलगावी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भीमाशंकर गुलेड के अनुसार दंपति ने अपने साथ हुई घटना का विवरण देते हुए दो पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है| उन्होंने कहा बुजुर्ग दंपति के शव उनके घर में पाए गए और पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है| हमें दो पन्नों का एक डेथ नोट भी मिला है|

डेथ नोट की सामग्री के अनुसार, वे साइबर अपराध के शिकार हुए हैं| ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने साइबर धोखाधड़ी के कारण ५० लाख रुपये से अधिक गंवाए हैं और वास्तविक राशि इससे भी अधिक हो सकती है| हम उनके बैंक खातों की भी जांच कर रहे हैं| प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उन्हें साइबर अपराधियों ने क्राइम ब्रांच के अधिकारी बनकर धोखा दिया था| साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद दंपति मानसिक रूप से परेशान थे|

उन्होंने बार-बार व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के जरिए धोखेबाज से संपर्क करने की कोशिश की थी| उन्होंने जो आखिरी संदेश भेजा था, उसमें लिखा था, अगर आप हमारी कॉल का जवाब नहीं देते हैं, तो हम अपनी जान ले लेंगे| एसपी गुलेड ने लोगों से साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया| उन्होंने कहा  अगर उन्होंने हमें सूचित किया होता, तो हम उनकी रक्षा कर सकते थे| यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है| हमने मौत के नोट के आधार पर और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है|

मामले को साइबर आर्थिक और नारकोटिक्स (सीईएन) पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित कर दिया गया है, और मेरी निगरानी में जांच जारी रहेगी| हम अपराधियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का हर संभव प्रयास करेंगे| एसपी गुलेड ने कहा हमारी दो विशेष टीमें सूचना एकत्र करने के लिए विभिन्न बैंकों का दौरा कर रही हैं| डेथ नोट से पता चलता है कि साइबर अपराधियों ने दंपति से संपर्क किया और दावा किया कि उनकी आईडी का इस्तेमाल साइबर अपराध करने के लिए किया गया है| जालसाजों ने उन्हें एक फोन नंबर दिया और दावा किया कि यह क्राइम ब्रांच पुलिस का है| दंपति ने उन्हें दिल्ली के असली पुलिस अधिकारी समझकर दिए गए नंबर पर कॉल किया| इसके बाद अपराधियों ने दंपति को धमकाया और उनसे पैसे ऐंठ लिए|

Read More राउडीशीटर नेपाली मांजा की हत्या, रंजिश का संदेह

Tags: