केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के भांजों में आपसी गोलीबारी
एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
भागलपुर, 20 मार्च (एजेंसियां)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। केंद्रीय मंत्री की बहन को भी गोली लगने की खबर है। गोलीबारी की घटना भागलपुर जिले के नवगछिया में हुई। जगतपुर निवासी जयजीत यादव और विकल यादव के बीच किसी मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में विकल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की बहन भी जख्मी हो गई। घायलों को इलाज के लिए फौरन भागलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने विकल यादव को मृत घोषित कर दिया। जयजीत यादव की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस घटना में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी, हालांकि इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।