कर्नाटक की कांग्रेसी सरकार में बच्चे नहीं सुरक्षित, हर दिन पॉक्सो के 10 केस
3 साल में सिर्फ 353 अपराधियों को ही सजा, 26 प्रतिशत आरोपित हो गए बरी
बेंगलुरु, 25 मार्च (एजेंसियां)। कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक में बाल यौन अपराधों में बेहद तेजी आई है। साल 2025 के पहले दो महीनों में हर दिन औसतन 10 पॉक्सो से जुड़े केस दर्ज हुए हैं। साल 2024 में 8,233 मामले सामने आए, जो 2023 से 7 प्रतिशत ज्यादा हैं। इनमें 4,003 पॉक्सो केस थे, जो 2021 की तुलना में 38.89 प्रतिशत की भयानक बढ़ोतरी दिखा रहे हैं।
दुखद बात यह है कि 2021 से 2024 तक बच्चों के खिलाफ अपराध के 13,990 मामलों में से सिर्फ 353 में सजा हुई। बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों के 26 प्रतिशत से ज्यादा आरोपित बरी हो गए। कर्नाटक में साल 2024 में बाल श्रम के 105, किशोर न्याय के 142 और बाल विवाह के 152 मामले भी दर्ज हुए हैं। वहीं बीते साल पूरे राज्य में 3,766 बच्चों का अपहरण हुआ। बाल अधिकार कार्यकर्ता वसुदेव शर्मा का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और गलत जांच से न्याय मिलना मुश्किल हो रहा है। बच्चों को मनोवैज्ञानिक मदद की सख्त जरूरत है, जो सरकार दे नहीं रही।